कानपुर में 350 महिला पुलिसकर्मियों को सीपीआर प्रशिक्षण, आपातकाल में जीवन बचाने की तकनीक सीखीं
रिपोर्ट- कृष्णा शर्मा
कानपुर: फिक्की फ्लो (FICCI FLO) कानपुर ने आर.के. देवी हॉस्पिटल के सहयोग से शहर के पुलिस कमिश्नरेट कार्यालय और विभिन्न थानों में तैनात 350 महिला पुलिसकर्मियों के लिए एक महत्वपूर्ण जीवन रक्षक ‘सीपीआर (CPR) ट्रेनिंग’ कार्यक्रम आयोजित किया। यह कार्यशाला आज कानपुर पुलिस सभागार में संपन्न हुई। जिसका मुख्य उद्देश्य आपातकालीन स्थितियों में पुलिसकर्मियों को त्वरित जीवन-रक्षा कौशल से लैस करना है।
फिक्की फ्लो की सदस्या सुप्रभा दुबे और आर.के. देवी हेल्थ केयर की संयुक्त पहल पर अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत कानपुर के करीब 30 थानों की लगभग 350 महिला पुलिसकर्मियों को दिल का दौरा (Cardiac Arrest) पड़ने या सांस रुकने जैसी गंभीर स्थितियों से निपटने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
जीवन रक्षक प्रक्रिया
प्रशिक्षण के दौरान पुलिसकर्मियों को विशेष रूप से सिखाया गया कि किसी व्यक्ति को अचानक दिल का दौरा पड़ने पर ‘गोल्डन ऑवर’ (आपातकाल का पहला घंटा) में सीपीआर देकर किस प्रकार उसकी जान बचाई जा सकती है। कार्यशाला में सीपीआर देने की सही तकनीक, सीने को कितनी गहराई तक दबाना है (Compressions) और मुंह से सांस देने (Rescue Breaths) जैसी बुनियादी जीवन रक्षक प्रक्रियाओं (BLS) का लाइव डेमो भी दिया गया।
पुलिस मजबूत होगी
इस अवसर पर प्रशिक्षकों ने बताया कि पुलिसकर्मी अक्सर घटनास्थल पर सबसे पहले पहुंचते हैं, ऐसे में उनका सीपीआर जैसी तकनीकों में दक्ष होना आम नागरिकों की जान बचाने में अहम भूमिका निभा सकता है। यह अभियान आम जनता की सुरक्षा और पुलिस की तैयारियों को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
कार्यक्रम के अंत में आज सभी प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र वितरित किए गए। फिक्की फ्लो और आर.के. देवी हॉस्पिटल ने आश्वासन दिया कि भविष्य में भी इस तरह के जनहितैषी प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।

