एटा में कथित आपत्तिजनक ऑडियो पर विवाद, ब्राह्मण समाज ने किया प्रदर्शन; जांच और कार्रवाई की मांग
रिपोर्ट- नंदकुमार
एटाः जिले के मारहरा क्षेत्र से जुड़े एक कथित वायरल ऑडियो को लेकर विवाद गहरा गया है। ऑडियो में ब्राह्मण समाज के प्रति कथित रूप से आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किए जाने के आरोप के बाद समाज के लोगों में नाराजगी देखने को मिली। सोमवार को बड़ी संख्या में लोग एटा कलेक्ट्रेट स्थित धरना स्थल पर एकत्र हुए, जहां उन्होंने प्रदर्शन और नारेबाजी करते हुए प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच तथा दोषी पाए जाने पर कानूनी कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान ब्राह्मण समाज के प्रतिनिधियों ने क्षेत्राधिकारी (सीओ) संकल्पदीप कुशवाहा को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि सोशल मीडिया पर वायरल एक कथित ऑडियो में मारहरा क्षेत्र से जुड़े एक जनप्रतिनिधि द्वारा ब्राह्मण समाज के लिए अभद्र और आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया गया है। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि इस कथित टिप्पणी से समाज की भावनाएं आहत हुई हैं और पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जानी चाहिए।
वायरल ऑडियो की जांच की मांग
ज्ञापन में कहा गया कि वायरल ऑडियो की सत्यता की जांच कराई जाए और यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाए। प्रदर्शनकारियों ने यह भी कहा कि किसी भी सार्वजनिक पद पर बैठे व्यक्ति को ऐसी भाषा का प्रयोग नहीं करना चाहिए जिससे सामाजिक सौहार्द प्रभावित हो।
प्रदर्शनकारियों ने जताई नाराजगी
प्रदर्शन में शामिल सोनी वशिष्ठ ने कहा कि यदि किसी भी समाज के सम्मान को ठेस पहुंचाने वाली भाषा का प्रयोग किया जाता है तो उसका विरोध होना स्वाभाविक है। उन्होंने कहा कि समाज सम्मान के मुद्दे पर एकजुट है और भविष्य में भी इस प्रकार की घटनाओं का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करेगा।
सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील
जन अधिकार मोर्चा के जिलाध्यक्ष अशोक पांडे ने कहा कि वायरल ऑडियो की निष्पक्ष जांच आवश्यक है। उन्होंने कहा कि किसी भी जिम्मेदार पद पर बैठे व्यक्ति को ऐसी टिप्पणी से बचना चाहिए जिससे सामाजिक सौहार्द प्रभावित हो। उनका कहना था कि सभी लोग कानून के दायरे में रहकर निष्पक्ष कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
ज्ञापन सौंपने वालों में रहे शामिल
ज्ञापन सौंपने वालों में सोनी वशिष्ठ, अशोक पांडे, सर्वेश उपाध्याय, प्रवेश मिश्रा, हरेंद्र सारस्वत, कौशल पांडे, लोकेश पचौरी, अंकित पांडे, अतुल मिश्रा, मोहित पाठक, विक्रांत पचौरी, चंदन शर्मा सहित ब्राह्मण समाज के कई लोग उपस्थित रहे।

