हैलेट अस्पताल में 20वीं IAP पीडियाट्रिक क्विज 2026 का आयोजन, डॉ. प्राची रावत व डॉ. विवेक साहू की टीम रही विजेता

1210

रिर्पोट–आदर्श श्रीवास्तव (डिम्पल)

कानपुर-बाल रोग विज्ञान के क्षेत्र में मेडिकल छात्रों की शैक्षणिक दक्षता और क्लिनिकल समझ को मजबूत करने के उद्देश्य से  कानपुर के हैलेट अस्पताल स्थित बाल रोग विभाग सभागार में 20वीं आईएपी (IAP) पीडियाट्रिक क्विज फॉर अंडरग्रेजुएट्स–2026 के कॉलेज राउंड का सफल आयोजन किया गया। अकादमी ऑफ पीडियाट्रिक्स (IAP), कानपुर शाखा के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में मेडिकल छात्रों ने पूरे उत्साह और प्रतिस्पर्धी भावना के साथ भाग लिया।

एमबीबीएस विद्यार्थियों में बाल रोग विज्ञान के प्रति रुचि बढ़ाना रहा उद्देश्य

कार्यक्रम का उद्देश्य एमबीबीएस विद्यार्थियों में बाल रोग विज्ञान के प्रति रुचि बढ़ाना, उनकी चिकित्सकीय समझ को विकसित करना तथा क्लिनिकल निर्णय क्षमता को मजबूत करना था। प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने न केवल अपने ज्ञान का प्रदर्शन किया, बल्कि टीम वर्क, त्वरित निर्णय क्षमता और आत्मविश्वास का भी उत्कृष्ट परिचय दिया।

हर राउंड रहा बेहद की रोमांचक और चुनौतीपुर्ण

प्रतियोगिता में कुल चार टीमों ने हिस्सा लिया। प्रतिभागियों के लिए सात चरणों वाली क्विज तैयार की गई थी, जिसमें बच्चों से संबंधित चिकित्सकीय जानकारी, क्लिनिकल केस आधारित प्रश्न, विजुअल राउंड और रैपिड फायर राउंड जैसे विभिन्न रोचक एवं चुनौतीपूर्ण चरण शामिल थे। इन राउंड्स के माध्यम से प्रतिभागियों की विषयगत जानकारी, विश्लेषण क्षमता और त्वरित प्रतिक्रिया का मूल्यांकन किया गया।

क्विज मास्टर के रूप में डॉ. अली शान ने किया संचालन

कार्यक्रम का संचालन क्विज मास्टर के रूप में डॉ. अली शान ने किया। उन्होंने पूरे आयोजन को अत्यंत प्रभावशाली और व्यवस्थित ढंग से संचालित करते हुए प्रतिभागियों एवं उपस्थित विद्यार्थियों को लगातार जोड़े रखा। उनके प्रश्नों और प्रस्तुति शैली ने प्रतियोगिता को रोचक एवं ज्ञानवर्धक बना दिया।

इस अवसर पर बाल रोग विभाग के विभागाध्यक्ष एवं सचिव डॉ. एस. के. (शैलेन्द्र) गौतम सहित डॉ. आर. पी. सिंह, डॉ. ए. के. आर्या, डॉ. यशवंत राव, डॉ. अमितेश यादव तथा डॉ. राहुल विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी वरिष्ठ चिकित्सकों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए इस प्रकार की शैक्षणिक गतिविधियों को चिकित्सा शिक्षा का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया।

60 एमबीबीएस छात्र-छात्राओं ने उपस्थिति करवाई दर्ज

कार्यक्रम में लगभग 60 एमबीबीएस छात्र-छात्राओं ने उपस्थिति दर्ज कराई। दर्शक के रूप में मौजूद विद्यार्थियों ने भी पूरे कार्यक्रम के दौरान सक्रिय सहभागिता दिखाई और विभिन्न राउंड्स में पूछे गए प्रश्नों के माध्यम से अपने ज्ञान का विस्तार किया। आयोजन का वातावरण पूरी तरह शैक्षणिक और प्रतिस्पर्धात्मक रहा।

प्रतियोगिता के अंत में डॉ. प्राची रावत एवं डॉ. विवेक कुमार साहू की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। विजेता टीम अब आगामी ज़ोनल राउंड में अपने मेडिकल कॉलेज का प्रतिनिधित्व करेगी। उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की सभी उपस्थित चिकित्सकों एवं विद्यार्थियों ने सराहना की।

प्रमाणपत्र देकर किया गया उत्साहित

इसके अतिरिक्त उपविजेता टीम को भी सम्मानित किया गया तथा प्रतियोगिता में भाग लेने वाली सभी टीमों को प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। आयोजकों ने कहा कि प्रत्येक प्रतिभागी ने अपनी प्रतिभा और मेहनत से इस प्रतियोगिता को सफल बनाया तथा सभी विद्यार्थियों ने सीखने की सकारात्मक भावना का परिचय दिया।

बाल रोग विभाग की पूरी टीम ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम की योजना, संचालन और व्यवस्थाओं में विभाग के सभी सदस्यों का सक्रिय सहयोग रहा, जिसके कारण प्रतियोगिता सुव्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुई।

विद्यार्थियों के लिए ऐसी शैक्षणिक गतिविधियों का आयोजन रहेगा जारी

विभागाध्यक्ष डॉ. एस. के. (शैलेन्द्र) गौतम ने कहा कि इस प्रकार की अकादमिक प्रतियोगिताएं मेडिकल छात्रों को केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं रखतीं, बल्कि उन्हें वास्तविक क्लिनिकल परिस्थितियों में बेहतर निर्णय लेने की क्षमता भी प्रदान करती हैं। उन्होंने बताया कि भविष्य में भी विद्यार्थियों के लिए ऐसी शैक्षणिक गतिविधियों का आयोजन जारी रहेगा, जिससे चिकित्सा शिक्षा की गुणवत्ता और अधिक सुदृढ़ हो सके।

चिकित्सा शिक्षा को प्रभावी बनाना रहेगा मकसद

अकादमी ऑफ पीडियाट्रिक्स (IAP), कानपुर शाखा द्वारा आयोजित यह क्विज विद्यार्थियों के लिए एक प्रेरणादायक मंच साबित हुई। कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि निरंतर अध्ययन, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और टीम भावना के माध्यम से चिकित्सा शिक्षा को अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है। विजेता टीम से अब ज़ोनल स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है।

You may have missed