कानपुर में पत्नी से परेशान होकर युवक ने थाने में ज्चलशीन पदार्थ डालकर लगाई आग, इंस्पेक्टर-दारोगा और सिपाही झुलसे
रिपोर्ट-सोनू शर्मा
कानपुरः यूपी के कानपुर से एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। पत्नी से परेशान होकर महाराजपुर थाने पहुंचा। थाने के गेट पर चिल्लाते हुए इंसाफ की मांग करने लगा। पुलिस कर्मी कुछ समझ पाते इतनी देर में युवक ने पेट्रोल से भरी बोतल निकाली और खुद पर छिड़क लिया। माचिस निकाल कर खुद को आग लगा ली।
यह नजारा देखकर इंस्पेक्टर, दारोगा और सिपाही उसे बचाने का प्रयास करने लगे। उस पर कंबल डालकर आग बुझाई। आग बुझाने के प्रयास में तीनों पुलिसकर्मी झुलस गए। गंभीर रूप से झुलसे युवक को पुलिस ने उर्सला अस्पताल में भर्ती कराया है। युवक की पहचान महेश कुमार के रूप में हुई है।
2015 में हुई थी शादी
महाराजपुर थाने क्षेत्र स्थित फुफवार गांव में रहने वाले 32 वर्षीय महेश पासी परिवार के साथ रहते हैं। महेश मजदूरी का काम करता है। उसकी शादी 2015 में कानपुर के संचेडी की रहने वाली पूनम के साथ हुई थी। महेश और पूनम के दो बच्चे हैं। महेश का एक बेटा 8 साल का है दूसरा बेटा 13 साल का है। मंगलवार को युवक महाराजपुर थाने पर पहुंचा था।
युवक ने दिया प्रार्थना पत्र
युवक ने पत्नी के खिलाफ मारपीट, लड़ाई-झगड़ा और अवैध संबंध का आरोप लगाते हुए प्रार्थना पत्र दिया। इसके बाद वह थाने की गेट की तरफ चला गया। वहां पर चिल्लाने लगा कि मुझे इंसाफ चाहिए। उसने खुद पर पेट्रोल छिड़क कर खुद को आग लगा ली। यह देखते ही एसएचओ जर्नादन सिंह, दारोगा गौरव और सिपाही अरूण कुमार उसे बचाने लगे। इस दौरान तीनों पुलिस कर्मी खुद झुलस गए।
पत्नी ने दर्ज कराया था मुकदमा
पुलिस की जांच में पता चला कि महेश का पत्नी पूनम से बीते सोमवार को विवाद हुआ था। पत्नी ने बीते 13 जुलाई को रात आठ बजे पति महेश के खिलाफ महाराजपुर थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। पूनम ने महेश आरोप लगाया था कि महेश दोपहर के वक्त शराब पीकर आया था। इस दौरान उसने मेरे साथ मारपीट की और गंदी-गंदी गालियां दी। इसके साथ लात-घूंसों से पिटाई की।
पुलिस जांच में जुटी
पूनम का आरोप है महेश आयदिन मेरे साथ मारपीट करता है। इसके साथ जान से मारने की धमकी भी देता है। मारपीट करने के बाद घर से बाहर निकाल देता है। एडीसीपी पूर्व शिवा सिंह के मुताबिक युवक ने पत्नी पर कई आरोप लगाते हुए प्रार्थना पत्र दिया। इसके बाद गेट पर जाकर ज्वलनशील पर्दाथ डालकर आग लगा ली। वह 70 से 80 फीसदी तक झुलस गया है। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।

