घाटमपुर के प्राचीन शिव मंदिर में खजाने की लालच में चोरों ने गर्भगृह में की खोदाई… ग्रामीणों में आक्रोश
रिपोर्ट-शुभम साहू
कानपुर: यूपी के कानपुर से एक हैरान करने वाली घटना प्रकाश में आई है। कानपुर के घाटमपुर में एक प्राचीन शिव मंदिर है। ग्रामीणों के बीच लंबे समय से इस बात की चर्चा चल रही थी कि प्राचीन शिव मंदिर के गर्भगृह में खजाना दबा हुआ है। इसकी भनक चोरों को लग गई। बीती सोमवार रात चोरों ने खजाने के लालच में मंदिर के गर्भगृह को खोद डाला। जिसे लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।
घाटपमुर कोतवाली क्षेत्र स्थित मुगल रोड कैथा गांव के पास एक प्राचीन शिव मंदिर है। आसपास के ग्रामीण शिव मंदिर में पूजा अर्चना करने आते हैं। इसकी साथ ही इस मंदिर में मांगलिक कार्यक्रम भी किए जाते हैं। इसके साथ ही दूर दराज से भी लोग मंदिर के दर्शन और पूजा पाठ करने के लिए आते थे।
खजाने की रक्षा करते हैं
मंदिर अतिप्राचीन होने की वजह से ग्रामीणों में इस की चर्चा थी कि मंदिर के गर्भगृह में खजाना दबा है। जिसे लेकर ग्रामीणों के बीच तरह-तरह की कहानियां भी हैं। कई ग्रामीणों का कहना है कि मंदिर परिसर में खजाना दबा है। जिसकी रक्षा नाग-नागिन करते हैं। जिसकी भनक चोरों को लग गई।
ग्रामीणों ने जताई नाराजगी
सोमवार रात चोरों ने मंदिर के गर्भगृह में घुसकर फर्श को खोद डाला। जानकारी के मुताबिक चोरों के हाथ कुछ भी नहीं लगा है। वहीं जब मंगलवार सुबह ग्रामीण पूजा करने के लिए पहुंचे तो मंदिर की फर्श की खोदाई देखकर भड़क गए। ग्रामीणों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी।
पुलिस मामले की जांच जुटी
आक्रोशित ग्रामीणो ने पुलिस से चोरों के खिलाफ कार्यवाई करने की मांग की है। इसके साथ ही ग्रामीणों ने मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के साथ नियमित गश्त बढ़ाने की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में कर रही है। वहीं पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर अज्ञात चोरों की तलाश में जुटी है।

