पत्नी पर चाय और रूम फ्रेशनर में संदिग्ध पदार्थ मिलाने का आरोप, CCTV फुटेज के आधार पर कानपुर में मुकदमा दर्ज
रिर्पोट–हरि शंकर शर्मा
कानपुर के रावतपुर थाना क्षेत्र में पति-पत्नी के विवाद से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। गणेश नगर निवासी एक युवक ने अपनी पत्नी पर चाय और रूम फ्रेशनर में संदिग्ध रासायनिक पदार्थ मिलाकर उसे और उसके परिवार के सदस्यों को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया है। शिकायतकर्ता का दावा है कि कथित घटनाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण साक्ष्य घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हुए हैं।
मामले की शिकायत पुलिस आयुक्त कार्यालय में की गई, जहां शिकायतकर्ता ने सीसीटीवी फुटेज, मेडिकल दस्तावेज और अन्य साक्ष्य प्रस्तुत किए। इसके बाद रावतपुर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
शादी के बाद बढ़े पारिवारिक विवाद का आरोप
शिकायतकर्ता हिमांशु गुप्ता के अनुसार उनका विवाह 30 जनवरी 2024 को चकेरी क्षेत्र निवासी ज्योति गुप्ता से हुआ था। उनका आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही दोनों के बीच पारिवारिक विवाद शुरू हो गए और पत्नी के व्यवहार में बदलाव महसूस किया गया।
हिमांशु का कहना है कि इसी दौरान उनके माता-पिता की तबीयत लगातार खराब रहने लगी। कुछ समय बाद वह खुद भी स्वास्थ्य समस्याओं से परेशान हो गए। परिवार के मुताबिक चिकित्सकों ने खाने-पीने की चीजों में किसी हानिकारक पदार्थ की आशंका जताई, जिसके बाद उन्हें संदेह हुआ।
CCTV कैमरे लगाकर शुरू की निगरानी
शिकायतकर्ता परिवार का कहना है कि उनकी मां ने एक दिन पत्नी को चाय तैयार करते समय उसमें कुछ मिलाते हुए देखा था। इसके बाद घर में निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए।
हिमांशु का दावा है कि अगस्त 2024 से रिकॉर्ड हुई सीसीटीवी फुटेज में कई बार उनकी पत्नी चाय में किसी काले रंग के पदार्थ जैसी वस्तु मिलाती हुई दिखाई दे रही है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बाद में घर में रखे रूम फ्रेशनर में भी सिरिंज के माध्यम से कोई तरल पदार्थ मिलाया गया, जिसकी रिकॉर्डिंग कैमरे में कैद हुई है।
पत्नी पहले दर्ज करा चुकी है दहेज उत्पीड़न का मामला
शिकायतकर्ता ने यह भी बताया कि उनकी पत्नी की ओर से पहले ही उनके और परिवार के खिलाफ दहेज उत्पीड़न और मारपीट का मुकदमा दर्ज कराया जा चुका है। हिमांशु का कहना है कि उन्होंने अब सीसीटीवी फुटेज, मेडिकल रिपोर्ट और अन्य दस्तावेज पुलिस को सौंपकर निष्पक्ष जांच की मांग की है।
पुलिस ने शुरू की जांच
एसीपी कल्याणपुर ने बताया कि पति की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि इस मामले में दोनों पक्षों से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज, मेडिकल दस्तावेज और अन्य साक्ष्यों का परीक्षण कर रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार जांच पूरी होने के बाद सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

