ईपीएफओ कानपुर द्वारा सभी 15 जिलों में ‘निधि आपके निकट 2.0’ का सफल आयोजन
रिर्पोट-हरि शंकर शर्मा
कानपुर। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ), क्षेत्रीय कार्यालय कानपुर ने रविवार को अपने क्षेत्राधिकार के सभी 15 जिलों में “निधि आपके निकट 2.0” कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। इस जन-केंद्रित पहल का उद्देश्य पीएफ सदस्यों, पेंशनधारकों, नियोक्ताओं एवं अन्य हितधारकों की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी समाधान उपलब्ध कराना रहा।
कार्यक्रम के दौरान ईपीएफओ अधिकारियों एवं टीम के सदस्यों ने उपस्थित लोगों को संगठन की विभिन्न योजनाओं और सेवाओं की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही सदस्यों की शिकायतों और लंबित मामलों का मौके पर समाधान करने का प्रयास किया गया।
निष्क्रिय पीएफ खातों के निस्तारण
इस अवसर पर प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना, विश्वास योजना, CITES जागरूकता अभियान, निष्क्रिय पीएफ खातों के निस्तारण तथा डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट (DLC) के अद्यतनीकरण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेष जानकारी साझा की गई। अधिकारियों ने बताया कि इन योजनाओं का उद्देश्य कर्मचारियों और पेंशनधारकों को अधिक सुविधाजनक एवं पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराना है।
निधि आपके निकट” कार्यक्रम का सफल आयोजन
क्षेत्रीय आयुक्त, ईपीएफओ कानपुर शाहिद इकबाल ने बताया कि “निधि आपके निकट” कार्यक्रम का आयोजन प्रत्येक माह की 27 तारीख को नियमित रूप से किया जाता है। यदि 27 तारीख को अवकाश होता है तो कार्यक्रम अगले कार्यदिवस पर आयोजित किया जाता है।उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के आयोजन स्थल की जानकारी पहले से ही समाचार पत्रों और सोशल मीडिया के माध्यम से सार्वजनिक कर दी जाती है,ताकि अधिक से अधिक लाभार्थी इसमें भाग ले सकें।
उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य ईपीएफओ की सेवाओं को लोगों के और अधिक करीब पहुंचाना है, जिससे सदस्यों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए कार्यालयों के बार-बार चक्कर न लगाने पड़ें।
निधि आपके निकट 2.0 शिविरों में सक्रिय रूप से भाग लें
ईपीएफओ कानपुर ने सभी पीएफ सदस्यों, पेंशनधारकों, नियोक्ताओं और अन्य हितधारकों से अपील की है कि वे प्रत्येक माह आयोजित होने वाले “निधि आपके निकट 2.0” शिविरों में सक्रिय रूप से भाग लें और संगठन द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं डिजिटल सेवाओं का अधिकतम लाभ उठाएं।

