कानपुर में पॉलिटेक्निक छात्रा ने किया सुसाइड, नोट में लिखा मम्मी-पापा अब चिंता करने की जरूरत नहीं, पुलिस जांच मे जुटी
रिपोर्ट – विकास चौहान
कानपुर: यूपी के कानपुर से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। कानपुर में एक पॉलिटेक्निक छात्रा ने बीती मंगलवार रात सुसाइड कर लिया। छात्रा ने आत्महत्या करने से पहले एक बड़ा ही मार्मिक सुसाइड नोट लिखा। मृतका ने लिखा अब आप लोगों को मेरी पढ़ाई और शादी के लिए परेशान होने की जरूरत नहीं है। मैं अपनी जान देने जा रही हूं। मम्मी पापा अब किसी तरह की कोई चिंता नहीं करनी पड़ेगी। सुसाइड नोट में अपना दर्द बयां कर हॉस्टल में फंदे से लटक कर सुसाइड कर लिया। हॉस्टल संचालिका ने घटना की सूचना पुलिस को दी।
कानपुर के घाटमपुर स्थित जवाहर नगर राम सिहांसन सचान ट्रांसपोर्टर हैं। परिवार में पत्नी रीना, दो बेटी आशी और पूर्वा सचान हैं। पिता राम सिंहासन ने बताया कि बड़ी बेटी आशी बीएससी की पढ़ाई करने के साथ-साथ एक प्राइवेट काॅलेज में पढ़ाने जाती है। जबकि बेटी पूर्वा पाॅलीटेक्निक की छात्रा थी।
हाॅस्टल संचालिका ने पुलिस को सूचना दी
पूर्वा रोजाना गांव से कानपुर पढ़ाई करने के लिए जाती थी। जिस पर उन्होंने शहर में रहकर पढ़ाई करने की बात कही थी। जिसके बाद पूर्वा 15 दिन पहले काकादेव स्थित शुभी हाॅस्टल में रहने आई थी। मंगलवार देररात छात्रा ने हाॅस्टल के कमरे में फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया। शव फंदे से लटका देखकर हाॅस्टल संचालिका आंचल कटियार ने पुलिस को दी।
परिवार में मचा कोहराम
डीसीपी सेंट्रल अर्चना सिंह मौके पर पहुंची। फोरेंसिक टीम और पुलिस ने घटना स्थल की जांच पड़ताल की। इसके साथ ही पुलिस ने मौके से एक सुसाइड नोट भी बरामद किया है। जिसमें परिवार की आर्थिक स्थिति और अन्य बातें लिखी हुई हैं। पुलिस ने घटना की जानकारी परिजनों को दी तो परिवार में कोहराम मच गया। वहीं पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमाॅटर्म के लिए भेजा है।

