बरसाना में बृजवासी सेवा समिति का भव्य लाडोत्सव, राधारानी की परिक्रमा और बधाई गायन में झूमे श्रद्धालु

12

रिपोर्ट- योगेश भारद्वाज 

मथुरा । राधारानी की जन्मभूमि बरसाना में बृजवासी सेवा समिति की ओर से भव्य राधा लाडोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान समिति से जुड़े सदस्य परिवारों ने बरसाना धाम पहुंचकर राधा-कृष्ण के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की। कार्यक्रम में राधारानी की परिक्रमा, विभिन्न धार्मिक स्थलों का पूजन, फूल बंगला, बधाई गायन और साधु सेवा सहित कई धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन हुए।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समिति परिवार के सदस्य शामिल हुए। सभी ने बरसाना की सकरी गलियों, पहाड़ियों और कुंडों से होकर राधारानी की परिक्रमा की। इस दौरान श्रद्धालुओं ने राधा नाम का जाप करते हुए भजन-कीर्तन किया। वहीं, बधाई गायन के दौरान श्रद्धालु भक्ति और उत्साह में झूमते नजर आए। देर रात तक चले आयोजन में राधारानी के जन्मोत्सव की बधाइयां दी गईं और प्रसाद तथा उपहार वितरित किए गए।

राधा-कृष्ण के स्वरूपों का पूजन कर हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ

राधा लाडोत्सव कार्यक्रम का शुभारंभ बरसाना धाम पहुंचने के बाद राधा-कृष्ण के स्वरूपों के पूजन और माल्यार्पण के साथ किया गया। समिति के संस्थापक शशि भानु गर्ग, अध्यक्ष मुकेश पिंकी अग्रवाल और मंत्री अनूप मोनिका अग्रवाल ने विधिवत पूजा-अर्चना की।

इसके बाद समिति से जुड़े सभी सदस्य परिवार सामूहिक रूप से चंदन और पटका धारण कर भजन-कीर्तन मंडली के साथ बरसाना परिक्रमा के लिए रवाना हुए। परिक्रमा के दौरान श्रद्धालुओं ने मार्ग में आने वाले वन, उपवन, कुंड और पहाड़ियों का पूजन किया। साथ ही, इन धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों के महत्व के बारे में जानकारी भी प्राप्त की।

समिति के सदस्यों ने राधा नाम का जाप करते हुए परिक्रमा पूरी की। वातावरण में भक्ति गीतों और जयकारों की गूंज सुनाई देती रही। श्रद्धालुओं ने बरसाना धाम की धार्मिक परंपराओं को करीब से समझने के साथ ही अपनी संस्कृति से जुड़ने का अनुभव किया।

फूलों से सजा जगमोहन, आकर्षण का केंद्र रहा फूल बंगला

परिक्रमा के बाद जगमोहन में विराजित राधा-कृष्ण के अलौकिक स्वरूप को देश-विदेश से मंगाए गए विभिन्न प्रकार के फूलों से सजाया गया। फूलों की आकर्षक सजावट से फूल बंगला विशेष आकर्षण का केंद्र बना रहा। श्रद्धालुओं ने फूल बंगले के दर्शन कर राधा-कृष्ण की आराधना की।

इसके बाद ब्रज के प्रमुख कलाकारों द्वारा बधाई गायन प्रस्तुत किया गया। बधाई गायन के दौरान समिति परिवार के सदस्यों ने जमकर भक्ति नृत्य किया। ठाकुरजी के विभिन्न स्वरूपों के साथ श्रद्धालुओं ने नृत्य कर उत्सव का आनंद लिया। वहीं, बधाई गायन के दौरान परंपरागत रूप से उपहार लुटाए गए।

भक्ति संगीत और बधाई गीतों के बीच देर रात तक कार्यक्रम चलता रहा। समिति के सदस्य परिवार राधारानी के जन्मोत्सव की बधाइयां देते और एक-दूसरे के साथ खुशियां साझा करते नजर आए। पूरे आयोजन में ब्रज की पारंपरिक संस्कृति और धार्मिक आस्था की झलक देखने को मिली।

साधु-संतों की सेवा कर लिया आशीर्वाद

बधाई गायन के समापन के बाद ब्रज के प्रमुख साधु-संतों के सानिध्य में साधु सेवा और प्रसादी का आयोजन किया गया। इस दौरान साधु-संतों को प्रसाद के साथ उपहार और दक्षिणा भी प्रदान की गई। समिति के सदस्यों ने साधु-संतों का आशीर्वाद प्राप्त किया और सेवा कार्य को अपने लिए सौभाग्य बताया।

आयोजन में शामिल सदस्यों का कहना था कि धार्मिक आयोजनों के माध्यम से नई पीढ़ी को ब्रज की परंपराओं, संस्कृति और धार्मिक स्थलों से परिचित कराने का अवसर मिलता है। यही वजह है कि समिति की ओर से समय-समय पर इस तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।

युवाओं को संस्कृति से जोड़ना जरूरी: शशिभानु गर्ग

समिति के संस्थापक शशिभानु गर्ग ने कहा कि आने वाली पीढ़ी, विशेषकर युवाओं को अपनी पुरातन संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने के लिए इस प्रकार के आयोजन जरूरी हैं। उन्होंने कहा कि ब्रज केवल धार्मिक आस्था का केंद्र ही नहीं, बल्कि समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का भी क्षेत्र है।

उन्होंने बताया कि समिति का उद्देश्य ब्रज के प्रमुख धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों से आम लोगों को परिचित कराना है। इसके साथ ही इन स्थानों के ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व की जानकारी नई पीढ़ी तक पहुंचाना भी आयोजन का महत्वपूर्ण उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि समिति भविष्य में भी इस तरह के कार्यक्रमों को निरंतर आयोजित करती रहेगी।

बड़ी संख्या में समिति परिवार रहे मौजूद

राधा लाडोत्सव कार्यक्रम में समिति से जुड़े बड़ी संख्या में सदस्य परिवार उपस्थित रहे। इनमें सचिन रति चौधरी, पराग अंजली गुप्ता, राजेंद्र उर्वशी अग्रवाल, विनोद रीना अग्रवाल, सुनील कल्पना अग्रवाल, आशीष ममता गर्ग, संदीप पारुल अग्रवाल, पंकज कविता अग्रवाल, अमित राखी, गिरधारी लक्ष्मी अग्रवाल, मनोज मीनू नमक, दिनेश निशा अग्रवाल, अमित विनीता बगिया वाले, मोहन काजल अग्रवाल, पंकज रेनू गर्ग, मनोज लता अग्रवाल, घनश्याम ममता सुतिया, मनोज मनीषा गोयल, दीपक मोहिनी सुतिया, मनोज अनुपम अग्रवाल, आशीष अनीता वर्मा, विशाल अलका अग्रवाल, रमन बिनू अग्रवाल, मुकेश डॉक्टर कुसुम लता अग्रवाल, नवीन नीलम विसावर वाले, संजय सजनी, रोमिका, अमित शीतल अग्रवाल, जगत बहादुर सुमन अग्रवाल, मनोज भार्गव, रितेश टेंट और मनीष सुतिया सहित अन्य सदस्य शामिल रहे।

You may have missed