आजमगढ़ में जनता क्रान्ति पार्टी का सम्मेलन, शिक्षा के राष्ट्रीयकरण की उठी मांग
रिपोर्ट : पित्तेश्वर कुमार
आजमगढ़। जनता क्रान्ति पार्टी (राष्ट्रवादी) की ओर से गुरुवार, 13 अगस्त 2026 को नेहरू हाल, आजमगढ़ में कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन की अध्यक्षता पार्टी के राष्ट्रीय संगठन मंत्री मटरू चौहान ने की। कार्यक्रम में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष कमलेश चौहान मुख्य अतिथि और प्रदेश अध्यक्ष सुनील चौहान राना विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। इस दौरान पार्टी की नीतियों और आगामी राजनीतिक रणनीति को लेकर कार्यकर्ताओं से चर्चा की गई।
कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष कमलेश चौहान ने कहा कि पार्टी राष्ट्रवादी विचारधारा को आगे बढ़ाने के साथ पूरे देश में शिक्षा के राष्ट्रीयकरण की मांग को लेकर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि निजी विद्यालयों की संख्या बढ़ने के साथ शिक्षा का खर्च भी लगातार बढ़ रहा है। इसका सबसे अधिक असर आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों पर पड़ रहा है।
उन्होंने निजी विद्यालयों में किताब, प्रवेश शुल्क और अन्य मदों के नाम पर अभिभावकों से अधिक शुल्क लिए जाने का आरोप लगाया। साथ ही सरकार से शिक्षा व्यवस्था पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने और सभी वर्गों के बच्चों को बेहतर एवं सुलभ शिक्षा उपलब्ध कराने की मांग की।
कमलेश चौहान ने भ्रष्टाचार का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के लिए जनता के धन का इस्तेमाल होता है, इसलिए सरकारी योजनाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित की जानी चाहिए और धन के दुरुपयोग पर प्रभावी रोक लगनी चाहिए।
प्रदेश अध्यक्ष ने सरकार पर साधा निशाना
विशिष्ट अतिथि प्रदेश अध्यक्ष सुनील चौहान राना ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए प्रदेश की कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि भय, भ्रष्टाचार, लूट, हत्या, छिनैती और चोरी जैसी घटनाओं से आम जनता परेशान है। उन्होंने सरकार के सुशासन के दावों पर भी सवाल खड़े किए और कहा कि प्रदेश को मौजूदा परिस्थितियों से बाहर निकालने के लिए राजनीतिक बदलाव जरूरी है।
सम्मेलन में पिन्टू चौहान, जय बहादुर मौर्या, राममूरत चौहान, राजदेव, भूपेंद्र गोंड, छोटू राम, सुब्बन चौहान, भीम चौहान, संजय गुप्ता, प्रदीप चौहान, अमित चौहान, महेंद्र धारीकर और डॉ. लालमान समेत अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार रखे।
कार्यक्रम का संचालन संजीव चौहान ने किया। सम्मेलन में पार्टी के विभिन्न पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान शिक्षा, भ्रष्टाचार और राजनीतिक मुद्दों को लेकर पार्टी की आगामी गतिविधियों पर भी चर्चा की गई।

