रक्षाबंधन पर महिलाओं को बड़ी सौगात, 27 से 29 अगस्त तक निःशुल्क बस यात्रा; 60+ महिलाओं के लिए नई योजना

131

रिपोर्ट- विक्की रघुवंशी 

कानपुर। रक्षाबंधन के पावन पर्व से पहले उत्तर प्रदेश सरकार ने माताओं, बहनों और बेटियों को बड़ी सौगात दी है। रक्षाबंधन के अवसर पर प्रदेश की सरकारी बसों में महिलाओं को अपने सहयात्री सहित निःशुल्क यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। यह सुविधा 27 अगस्त की सुबह 6 बजे से 29 अगस्त की मध्यरात्रि 12 बजे तक लागू रहेगी। सरकार के इस निर्णय से त्योहार के दौरान महिलाओं को अपने भाइयों और अन्य परिजनों के घर आने-जाने में काफी सहूलियत मिलने की उम्मीद है।

इसी क्रम में 60 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं के लिए ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा’ योजना का भी शुभारंभ किया गया है। इस योजना के तहत पात्र बुजुर्ग महिलाएं प्रदेश में संचालित सरकारी बसों में निःशुल्क यात्रा कर सकेंगी। बुधवार को चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए) के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में इस पहल को लेकर मातृशक्ति में खासा उत्साह देखने को मिला।

सीएसए में उमड़ी मातृशक्ति

रक्षाबंधन से पहले आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री राकेश सचान रहे। इस दौरान लखनऊ में आयोजित मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी किया गया। सभागार में मौजूद महिलाओं, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने मुख्यमंत्री का संबोधन देखा और सुना।

मुख्यमंत्री के संदेश में महिलाओं की सुविधा, सुरक्षा, सम्मान और सशक्तीकरण पर जोर दिया गया। इसके चलते कार्यक्रम में मौजूद महिलाओं में उत्साह दिखाई दिया। वहीं, कार्यक्रम के दौरान करीब 1100 महिलाओं को साड़ी और मिठाई भेंट कर सम्मानित किया गया।

27 से 29 अगस्त तक मिलेगी मुफ्त बस यात्रा

रक्षाबंधन के अवसर पर महिलाओं को निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा देने का उद्देश्य त्योहार के दौरान उनके आवागमन को आसान बनाना है। सरकार के अनुसार, 27 अगस्त सुबह 6 बजे से 29 अगस्त रात 12 बजे तक माताओं, बहनों और बेटियों को सहयात्री सहित निःशुल्क यात्रा की सुविधा मिलेगी।

इस सुविधा से उन महिलाओं को विशेष लाभ मिलने की उम्मीद है जो रक्षाबंधन पर अपने भाइयों या मायके जाने के लिए सार्वजनिक परिवहन पर निर्भर रहती हैं। साथ ही, सहयात्री को भी सुविधा के दायरे में शामिल किए जाने से महिलाओं के लिए यात्रा और अधिक सुविधाजनक हो गई है।

60 वर्ष से अधिक महिलाओं के लिए ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा’

कार्यक्रम का एक महत्वपूर्ण आकर्षण ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा’ योजना का शुभारंभ रहा। इसके तहत 60 वर्ष से अधिक आयु की पात्र महिलाओं को सरकारी बसों में निःशुल्क यात्रा की सुविधा प्रदान की जाएगी।

कैबिनेट मंत्री राकेश सचान ने कहा कि यह योजना वरिष्ठ महिलाओं के सम्मान और उनकी सुविधा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने लोकमाता अहिल्याबाई होलकर के सामाजिक योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने महिलाओं और समाज के उत्थान के लिए उल्लेखनीय कार्य किया। उनके नाम पर योजना शुरू करना उनके योगदान के प्रति सम्मान का प्रतीक है।

महिलाओं की सुविधा सरकार की प्राथमिकता: राकेश सचान

कैबिनेट मंत्री राकेश सचान ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार महिलाओं की सुविधा, सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को प्राथमिकता देते हुए लगातार निर्णय ले रही है। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन पर बहनों को अपने भाइयों के घर आने-जाने में परेशानी न हो, इसी उद्देश्य से निःशुल्क बस यात्रा की व्यवस्था की गई है।

उन्होंने बताया कि महिलाओं की जरूरत को ध्यान में रखते हुए बाद में सहयात्री को भी इस सुविधा में शामिल किया गया। इससे महिलाओं को यात्रा के दौरान और अधिक सुविधा मिलेगी।

मंत्री ने यह भी कहा कि महिलाओं के सशक्तीकरण की दिशा में सरकार की पहल केवल यात्रा सुविधा तक सीमित नहीं है। आवास, आजीविका, आर्थिक स्वावलंबन और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं में भी महिलाओं को प्राथमिकता दी जा रही है। सरकार का उद्देश्य योजनाओं का लाभ अंतिम पात्र महिला तक पहुंचाना और उन्हें सामाजिक तथा आर्थिक रूप से मजबूत बनाना है।

महिलाओं ने मंत्री राकेश सचान को बांधी राखी

रक्षाबंधन का उल्लास उस समय और बढ़ गया जब कार्यक्रम में शामिल महिलाओं ने कैबिनेट मंत्री राकेश सचान की कलाई पर राखी बांधी। आरती श्यामा, रमाकांति, प्रीति तिवारी, दिव्या कुशवाहा, मधु, नीतू शुक्ला, श्वेता तिवारी, शिव कुमारी, प्रपाशा दीक्षित, रूपाली गौतम और रजनी ने मंत्री को राखी बांधकर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।

मंत्री ने भी सभी महिलाओं को पर्व की शुभकामनाएं दीं और उन्हें साड़ी एवं मिठाई भेंट की। इसके अलावा कार्यक्रम में शामिल करीब 1100 महिलाओं को भी उपहार स्वरूप साड़ी और मिठाई प्रदान की गई। इससे कार्यक्रम का माहौल उत्सवपूर्ण हो गया।

महिलाओं ने सरकार की पहल का जताया आभार

निःशुल्क बस यात्रा और सम्मान स्वरूप साड़ी-मिठाई मिलने को लेकर महिलाओं में उत्साह नजर आया। महिलाओं ने इसे केवल सुविधा नहीं, बल्कि सम्मान और अपनत्व से जुड़ी पहल बताया।

संगीता गुप्ता ने कहा कि महिलाओं के लिए निःशुल्क बस यात्रा और साड़ी वितरण की पहल सराहनीय है। उन्होंने कहा कि विशेष रूप से जिन बहनों के भाई नहीं हैं, उनके लिए रक्षाबंधन पर साड़ी मिलना भावुक और सुखद अनुभव है। इससे उन्हें त्योहार पर अपनत्व का एहसास होता है।

वहीं, अंबेडकर नगर, जरौली निवासी 60 वर्षीय किरण देवी ने वरिष्ठ महिलाओं के लिए शुरू की गई निःशुल्क यात्रा सुविधा पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि 60 वर्ष और उससे अधिक उम्र की महिलाओं के लिए यह सुविधा काफी उपयोगी साबित होगी। अब यात्रा करते समय किराये की चिंता कम होगी।

सरोज ने साड़ी मिलने को सम्मान और स्नेह से जोड़ते हुए कहा कि रक्षाबंधन पर महिलाओं को सम्मान देना सरकार की ओर से अपनत्व का संदेश है। वहीं मिताली यादव ने कहा कि साड़ी और मिठाई मिलने से त्योहार की खुशी और बढ़ गई है। इसके साथ ही निःशुल्क बस यात्रा से बहनों को भाइयों और परिजनों के घर पहुंचने में आसानी होगी।

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की मौजूदगी

कार्यक्रम में विधायक कल्याणपुर नीलिमा कटियार, विधान परिषद सदस्य अरुण पाठक, जिला पंचायत अध्यक्ष/प्रशासक स्वप्निल वरुण, जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन, परियोजना निदेशक डीआरडीए आलोक कुमार सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी मनोज कुमार, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. अनुराग सिंह सहित परिवहन विभाग और अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

You may have missed