भारत-बेल्जियम संबंधों को नई मजबूती, PM मोदी ने कहा- अगले 5 साल में दोगुना होगा द्विपक्षीय व्यापार
Digital UP News Desk
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बेल्जियम के प्रधानमंत्री की भारत यात्रा का स्वागत करते हुए दोनों देशों के बीच तेजी से मजबूत हो रहे रणनीतिक, आर्थिक और तकनीकी संबंधों पर जोर दिया। संयुक्त प्रेस वक्तव्य के दौरान पीएम मोदी ने कहा कि भारत और बेल्जियम के संबंध ऐतिहासिक आधार, लोकतांत्रिक मूल्यों, बाजार आधारित अर्थव्यवस्था और मजबूत जनसंपर्क पर टिके हैं। उन्होंने कहा कि दोनों देश अब पारंपरिक सहयोग से आगे बढ़कर रक्षा, स्वच्छ ऊर्जा, सेमीकंडक्टर, महत्वपूर्ण खनिज और नई तकनीक जैसे रणनीतिक क्षेत्रों में साझेदारी बढ़ा रहे हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने बेल्जियम के प्रधानमंत्री की पहली भारत यात्रा पर उनका और उनके प्रतिनिधिमंडल का गर्मजोशी से स्वागत किया। उन्होंने कहा कि यह भले ही बेल्जियम के प्रधानमंत्री की पहली भारत यात्रा हो, लेकिन भारत के साथ उनका परिचय पुराना है। Antwerp के मेयर के रूप में उन्होंने वहां की भारतीय समुदाय और भारत-बेल्जियम डायमंड ट्रेड को लगातार समर्थन दिया है।
इतिहास से जुड़ी है भारत-बेल्जियम की साझेदारी
प्रधानमंत्री मोदी ने भारत और बेल्जियम के रिश्तों की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि का उल्लेख करते हुए कहा कि दोनों देशों के संबंधों की जड़ें काफी गहरी हैं। प्रथम विश्व युद्ध के दौरान बेल्जियम में भारतीय सैनिकों के साहस और बलिदान को उन्होंने दोनों देशों की साझा स्मृति का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया।
इसके साथ ही उन्होंने कहा कि आज लोकतांत्रिक मूल्यों, बाजार अर्थव्यवस्था और मजबूत people-to-people ties के कारण भारत और बेल्जियम स्वाभाविक साझेदार हैं। दोनों देशों के बीच बदलते वैश्विक परिदृश्य में सहयोग की संभावनाएं लगातार बढ़ रही हैं।
पिछले एक दशक में बढ़ा सहयोग
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि करीब दस वर्ष पहले उन्हें बेल्जियम की यात्रा करने का अवसर मिला था। इसके बाद पिछले एक दशक में भारत-बेल्जियम साझेदारी ने उल्लेखनीय प्रगति की है। अब दोनों देशों का सहयोग केवल पारंपरिक क्षेत्रों तक सीमित नहीं है, बल्कि रक्षा और स्वच्छ ऊर्जा जैसे रणनीतिक क्षेत्रों तक भी पहुंच चुका है।
उन्होंने रक्षा क्षेत्र में आधुनिक उपकरणों पर सहयोग का उल्लेख करते हुए जोरावर टैंक जैसे प्रोजेक्ट्स की चर्चा की। वहीं, ऊर्जा क्षेत्र में आंध्र प्रदेश के काकीनाडा में विकसित किए जा रहे बड़े ग्रीन अमोनिया प्रोजेक्ट को दोनों देशों के बढ़ते सहयोग का उदाहरण बताया।
वैश्विक अनिश्चितता के बीच भारतीय अर्थव्यवस्था मजबूत
प्रधानमंत्री मोदी ने मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों का जिक्र करते हुए कहा कि दुनिया इस समय बड़े बदलाव और अनिश्चितता के दौर से गुजर रही है। कई क्षेत्रों में संघर्ष की स्थिति है, जबकि फूड, फ्यूल और सप्लाई चेन पर भी इसका प्रभाव दिखाई दे रहा है।
इसके बावजूद उन्होंने भारतीय अर्थव्यवस्था की मजबूती पर भरोसा जताया। पीएम मोदी ने कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था ने अपनी गति बनाए रखी है और पिछले क्वार्टर में 7.8 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। उनके अनुसार, भारत की आर्थिक विकास यात्रा आज दुनिया के लिए विश्वास और नए अवसरों का स्रोत बन रही है।
भारत-EU व्यापार समझौते से बढ़ेंगी संभावनाएं
प्रधानमंत्री मोदी ने भारत और यूरोपीय संघ के बीच हुए ऐतिहासिक फ्री ट्रेड एग्रीमेंट को भी महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि दुनिया की दो बड़ी लोकतांत्रिक शक्तियों के बीच यह सहयोग वैश्विक स्थिरता, विकास और साझा समृद्धि को नई मजबूती देगा।
उन्होंने कहा कि भारत की निरंतर आर्थिक प्रगति और इस समझौते ने भारत-बेल्जियम आर्थिक संबंधों के लिए नए अवसर पैदा किए हैं। अब दोनों देशों का लक्ष्य इन संभावनाओं को ठोस परिणामों में बदलना है।
अगले पांच वर्षों में व्यापार दोगुना करने का लक्ष्य
भारत ने बेल्जियम की कंपनियों के लिए Investment Fast-Track Mechanism गठित करने का निर्णय लिया है। इसके अलावा India-Belgium Business Forum को नियमित तंत्र के रूप में विकसित करने पर भी सहमति बनी है।
दोनों देश वित्तीय क्षेत्र, फिनटेक और नियामकीय संस्थाओं के बीच तालमेल बढ़ाने की दिशा में भी काम करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि इन पहलों के जरिए अगले पांच वर्षों में भारत और बेल्जियम के बीच द्विपक्षीय व्यापार को दोगुना करने का लक्ष्य हासिल करने का प्रयास किया जाएगा।
रक्षा और सुरक्षा सहयोग पर भी जोर
भारत-बेल्जियम संबंधों में रक्षा और सुरक्षा सहयोग को महत्वपूर्ण स्तंभ बताते हुए पीएम मोदी ने कहा कि दोनों देशों ने मिलिटरी एक्सचेंज और ट्रेनिंग सहयोग को बढ़ाने पर सहमति बनाई है।
सरकारों और रक्षा उद्योगों के बीच हुए समझौतों से रक्षा क्षेत्र में co-development और co-production के नए अवसर पैदा होंगे। इसके अलावा दोनों देशों की एजेंसियों के बीच intelligence sharing तथा अपराध के खिलाफ सहयोग को भी मजबूत करने पर सहमति बनी है।
स्वच्छ ऊर्जा और महत्वपूर्ण खनिजों पर साझेदारी
स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में भी भारत और बेल्जियम के बीच सहयोग को आगे बढ़ाने पर जोर दिया गया। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि Renewable Energy को लेकर हुआ समझौता दोनों देशों के sustainability cooperation को नई गति देगा।
इसके साथ ही critical minerals के क्षेत्र में processing और recycling को लेकर सहयोग बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। बदलती वैश्विक अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण खनिजों की भूमिका बढ़ने के कारण यह सहयोग दोनों देशों के लिए रणनीतिक महत्व रखता है।
सेमीकंडक्टर क्षेत्र में IMEC की भूमिका
प्रधानमंत्री मोदी ने सेमीकंडक्टर क्षेत्र में बेल्जियम की विशेषज्ञता और भारत के बड़े बाजार एवं तकनीकी विस्तार की संभावनाओं को एक-दूसरे का पूरक बताया। उन्होंने कहा कि बेल्जियम के IMEC संस्थान को भारत के semiconductor ecosystem से जोड़ने के लिए दोनों देश मिलकर काम करेंगे।
इस साझेदारी से सेमीकंडक्टर रिसर्च, तकनीक और नवाचार के क्षेत्र में दोनों देशों के बीच सहयोग बढ़ने की उम्मीद है। इसके अलावा स्टार्टअप इकोसिस्टम को भी दोनों देशों के बीच जोड़ने पर सहमति बनी है।
शिक्षा, रिसर्च और टैलेंट मोबिलिटी पर सहयोग
भारत और बेल्जियम ने विश्वविद्यालयों तथा रिसर्च संस्थानों के बीच सहयोग मजबूत करने का फैसला किया है। इसके साथ ही स्टार्टअप्स के बीच संपर्क बढ़ाने और मैरीटाइम सेक्टर में capacity building को आगे बढ़ाने पर भी चर्चा हुई।
टैलेंट मोबिलिटी के क्षेत्र में दोनों देश जल्द Migration and Mobility Partnership Agreement करने की दिशा में आगे बढ़ेंगे। इससे दोनों देशों के बीच कुशल प्रतिभाओं और पेशेवरों के आवागमन के लिए सहयोग का नया ढांचा तैयार हो सकता है।
यूक्रेन और वेस्ट एशिया पर भी हुई चर्चा
बैठक के दौरान क्षेत्रीय और वैश्विक घटनाक्रमों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और बेल्जियम rule of law, dialogue और diplomacy में विश्वास रखते हैं।
उन्होंने कहा कि यूक्रेन हो या वेस्ट एशिया, भारत संघर्ष की जल्द समाप्ति और शांति के सभी प्रयासों का समर्थन करता है। साथ ही आतंकवाद के हर रूप को समाप्त करना दोनों देशों की साझा प्रतिबद्धता है।
हॉकी और डायमंड ट्रेड का भी जिक्र
प्रधानमंत्री मोदी ने हाल में बेल्जियम और नीदरलैंड द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित हॉकी वर्ल्ड कप की मेजबानी के लिए बेल्जियम को बधाई दी। उन्होंने इस आयोजन की सफलता की सराहना करते हुए भारतीय खिलाड़ियों के प्रदर्शन की भी प्रशंसा की।
इसके साथ ही उन्होंने डायमंड ट्रेड को भारत और बेल्जियम के बीच लंबे समय से चले आ रहे संबंधों की महत्वपूर्ण कड़ी बताया। प्रधानमंत्री ने कहा कि दोनों देश अब इस ऐतिहासिक जुड़ाव को व्यापक और आधुनिक साझेदारी का रूप दे रहे हैं।

